कानपुर कोर्ट में सनसनी: वकील ने ऊपरी मंजिल से कूदकर दी जान,मृतक के पास से सुसाइड नोट बरामद; पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

0
25

कानपुर।शहर के कोर्ट परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अधिवक्ता ने संदिग्ध परिस्थितियों में ऊपरी मंजिल से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस हृदयविदारक घटना से पूरे न्यायिक परिसर में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर वकीलों और वादकारियों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान अधिवक्ता प्रियांशु श्रीवास्तव के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने या उन्हें रोकने का मौका तक नहीं मिला। प्रियांशु को गिरते देख आसपास मौजूद लोग उनकी ओर दौड़े और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक पन्ने का कथित सुसाइड नोट मिला है। पुलिस इसे जांच का सबसे अहम हिस्सा मान रही है। हालांकि, नोट में लिखी बातों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हैंडराइटिंग मिलान और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से ठीक पहले प्रियांशु किससे मिले थे या वे किस मानसिक स्थिति में थे। साथ ही, वहां मौजूद कर्मचारियों और अन्य वकीलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में व्यक्तिगत और पेशेवर, दोनों पहलुओं को शामिल किया गया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे कोर्ट परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल है; बार एसोसिएशन के सदस्यों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

देखे फोटो।

सुसाइड नोट।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here