उन्नाव।दिल्ली में हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अलर्ट के बाद उन्नाव पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। सोमवार शाम जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
टीमों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की। सड़क पर निकलने वाले वाहनों की डिग्गी खुलवाकर जांच की गई। इस दौरान पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की। इसी क्रम में डीएम गौरांग राठी और एसपी जय प्रकाश सिंह ने स्वयं उन्नाव रेलवे स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय और टिकट काउंटर क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे।




