कानपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की क्षेत्रीय टीम में कानपुर को प्रतिनिधित्व मिला है। कानपुर महानगर दक्षिण के पूर्व जिलाध्यक्ष हर्ष प्रताप सिंह चौहान को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। देर रात क्षेत्रीय टीम की घोषणा के साथ ही उनकी नियुक्ति की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।
हर्ष प्रताप सिंह चौहान किसान मोर्चा में जिलाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन को बूथ और मंडल स्तर तक मजबूत करने के लिए काम किया। किसान सम्मेलन, ग्राम चौपाल, ग्राम परिक्रमा यात्रा और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों तक संगठन की गतिविधियों और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में भूमिका निभाई।
उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें क्षेत्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपी है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद अब उनकी जिम्मेदारी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में किसान मोर्चा के संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने की होगी।
अपनी नियुक्ति पर हर्ष प्रताप सिंह चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, बालमुकुंद शुक्ला सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उनके लिए संगठन में पद नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में किसान मोर्चा को और मजबूत करना, किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाना उनका लक्ष्य रहेगा।
हर्ष प्रताप सिंह चौहान की नियुक्ति पर कानपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं और किसान नेताओं ने बधाई देते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।




