कानपुर नगर।विजयदशमी के अवसर पर कानपुर नगर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा, स्वस्थ समाज, विकसित भारत’ अभियान के तहत दो स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों का निर्देशन जिला युवा अधिकारी सुश्री भव्या ने किया।
पहला कार्यक्रम महाराजपुर के विकासखंड सरसौल स्थित टीकेश्वर धाम में हुआ। यहां नशामुक्ति के संदेश के साथ जागरूकता रैली निकाली गई और नशे के प्रतीकात्मक रावण का दहन किया गया। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
दूसरा कार्यक्रम नरवल क्षेत्र के शिशुपुर नौगवां स्थित बलखंडेश्वर धाम में आयोजित हुआ। इसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक आकांक्षा शुक्ला और ऋषभ गुप्ता सहित मेरा युवा भारत से जुड़े विभिन्न युवा मंडलों के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।




