भावनगर। गुजरात के भावनगर में कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से चार लोगों की जान चली गई, जबकि 18 लोग बीमार पड़ने के बाद अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें दो मरीजों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
भावनगर के कलेक्टर डॉ. मनीष बंसल के अनुसार, अब तक कुल 22 लोग इस घटना से प्रभावित हुए हैं। चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 18 का उपचार जारी है। गंभीर मरीजों को ICU में रखा गया है और दो मरीज वेंटिलेटर पर हैं। वहीं, 10 मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
हालत गंभीर होने पर विशेषज्ञों की मदद
मरीजों की स्थिति को देखते हुए अहमदाबाद से नेफ्रोलॉजिस्ट की टीम भावनगर भेजी जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। प्रशासन ने अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और प्रभावित मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है।
शराब तस्करी से जुड़े चार लोग गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में चार संदिग्ध शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि गौतम सोलंकी नाम का आरोपी मध्य प्रदेश के उज्जैन से रॉयल स्टैग ब्रांड की शराब लेकर आया था। आरोप है कि शराब में मिथेनॉल मिलाने के बाद इसे लोगों को बेचा गया।
पुलिस को आशंका है कि मिथेनॉल की मिलावट के कारण शराब पीने वालों की तबीयत बिगड़ी। हालांकि, मौतों की वास्तविक वजह और शराब में मिलावट की पूरी तस्वीर जांच तथा मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।
पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस
गुजरात में शराबबंदी के बावजूद हुई इस घटना को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर मामले की जांच तेज कर दी गई है। स्टेट मॉनिटरिंग सेल और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित मिलावटी शराब कहां तैयार की गई, मिथेनॉल कहां से आया और इसे किन लोगों के जरिए इलाके में पहुंचाया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।




