सरसौल,कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरसौल कस्बे में बकरीद पर्व को लेकर महाराजपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है महाराजपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बा सरसौल में पैदल फ्लैग मार्च निकालकर शांति व्यवस्था का संदेश दिया। पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।
*बाजारों में दिखा पुलिस का भरोसा*
फ्लैग मार्च दोपहर में सरसौल के मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले मोहल्लों से होकर गुजरा। इस दौरान इंस्पेक्टर राजेश कुमार खुद दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से मिले। उन्होंने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और युवाओं से त्योहार पर शांति बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च का समापन सरसौल पुलिस चौकी पर हुआ।
“भाईचारे से मनाएं बकरीद, पुलिस हर वक्त साथ” – इंस्पेक्टर
मीडिया से बात करते हुए इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा, _”हमारी पहली प्राथमिकता है कि बकरीद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो। पुलिस 24 घंटे अलर्ट है।”_ उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या थाने पर दें।
स्थानीय लोगों ने थपथपाई पीठ
पुलिस की इस पहल पर स्थानीय व्यापारी अनिल गुप्ता ने कहा, _”त्योहार से पहले थाना प्रभारी का खुद बाजार में आना बहुत बड़ी बात है। अब लगता है कि पुलिस हमारे बीच है।”_ वहीं सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद शकील ने कहा, _”इंस्पेक्टर साहब ने जिस तरह सभी समुदायों से बात की, उससे भाईचारे का संदेश गया है। हम पुलिस के साथ हैं।”_
गौरतलब है कि बकरीद को लेकर जिले भर में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। महाराजपुर पुलिस की यह सक्रियता अन्य थानों के लिए भी मिसाल बन रही है।




