रफ्तार का कहर: डंपर की टक्कर से नहर में गिरी कर्मचारियों से भरी बस, मची चीख-पुकार

0
105

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब प्राइवेट कर्मचारियों को लेकर कानपुर देहात स्थित रनियां फैक्टरी जा रही एक निजी बस को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित बस रेलिंग तोड़ते हुए रामगंगा नहर में जा गिरी। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रस्सी और सीढ़ी के सहारे बस में फंसे सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी घायलों और कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के लिए बिधनू सीएचसी भेजा गया। कुढ़नी मोहम्मदपुर निवासी रामनरेश ने बताया कि वह 19 कर्मचारियों के साथ ट्राइडेंट कंपनी की निजी बस से रनियां फैक्टरी जा रहे थे। सुबह बिधनू क्षेत्र में रामगंगा नहर पुल पर किसान नगर मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। बस नहर में गिरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई कर्मचारियों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मदद शुरू करते हुए रस्सियां डालीं और लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने नहर पुल से सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सभी कर्मचारियों को बस की बॉडी पर खड़ा कर एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के चलते हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने यातायात सुचारु कराने के प्रयास शुरू किए। बिधनू थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
सुरक्षित निकाले गए कर्मचारी
नरेश कुमार, सुरेश कुमार, आलोक, जमीर खान, रामनरेश, अभिषेक सिंह, दिनेश, धर्मेंद्र, आदित्य, अमर सिंह, किशोर कुमार, जीतपाल, नरसिंह, अच्छेलाल, सुनील, रविन्द्र कुमार, कमलकांत, अंकित और विकास सहित सभी कर्मचारी बस में सवार थे।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here