कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के करनखेड़ा गांव में मंगलवार दोपहर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेंदुए के हमले में नौ लोग घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों को खेतों के आसपास तेंदुआ दिखाई दिया। इसके बाद करीब 12 ग्रामीणों ने उसे घेरने की कोशिश की। कुछ ही देर में लाठी-डंडे लेकर लगभग 50 लोग मौके पर जुट गए। इसी बीच तेंदुए ने अचानक ग्रामीणों पर हमला बोल दिया। हमले में रामकेश समेत कई लोग घायल हो गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

तेंदुए के हमले में हरिराम निषाद (40), रामकेश निषाद (18), बुद्धि निषाद (50), मोहित विश्वकर्मा (18) और साहिल समेत कुल नौ लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही शेखपुर चौकी प्रभारी अनुज पटेल पुलिस टीम और डायल-112 के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने भी गांव पहुंचकर तेंदुए की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में कांबिंग की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।

देखे वीडियो।




