कानपुर। युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज, कानपुर में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ के तहत ‘अपना वोट जानें’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, कानपुर नगर की ओर से किया गया।
जिला युवा अधिकारी सुश्री भव्या मिश्रा के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मतदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके मताधिकार, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विजय रत्ना तोमर मौजूद रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर सुश्री वैष्णवी गुप्ता और श्री केसी पांडेय ने सहभागिता की। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना निगम, निदेशक प्रो. अर्चना वर्मा और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संगीता सिरोही भी उपस्थित रहीं।
संवाद सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘Know Your Vote’ विषय पर कई सवाल पूछे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मतदान से संबंधित जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र में अपनी भागीदारी और मताधिकार के महत्व को समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक शिवम शर्मा, अथर्व, अनुकृति, स्वास्तिक, ऋषभ गुप्ता और आकांक्षा शुक्ला सहित मेरा युवा भारत से संबद्ध युवा मंडल के सदस्य भी मौजूद रहे।




