हार्डकोर अपराधी को पुलिस कस्टडी में वीआईपी ट्रीटमेंट, वीडियो से उठे सवाल
राजस्थान, सवाई माधोपुर, 29 अगस्त। कुंडेरा थाना पुलिस की कस्टडी में 25 हजार रुपये के इनामी हार्डकोर अपराधी सद्दाम उर्फ बिहारी को वीआईपी ट्रीटमेंट दिए जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद कुंडेरा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस कस्टडी में अपराधी को इस तरह की सुविधा दिए जाने का मामला राजस्थान पुलिस के ध्येय वाक्य ‘आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर’ के भी विपरीत नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, कुंडेरा थाना पुलिस ने हाल ही में कई अपराधों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी हार्डकोर बदमाश सद्दाम उर्फ बिहारी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस गंगापुर सिटी लेकर गई थी, जहां उसे पुलिस रिमांड दिया गया।
आरोप है कि गंगापुर सिटी से वापस लौटते समय सद्दाम को मलारना डूंगर में एक दुकान पर रोका गया। यहां पुलिस की मौजूदगी में उसे नाश्ता करवाया गया। इसी दौरान का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि सद्दाम के एक समर्थक ने यह वीडियो सोशल मीडिया स्टेटस पर भी लगाया था। विवाद बढ़ने के बाद समर्थक ने वीडियो डिलीट कर दिया।
थानाधिकारी ने दी सफाई
मामले में कुंडेरा थानाधिकारी दिलीप वर्मा का कहना है कि सद्दाम बिहारी को शुक्रवार को गंगापुर सिटी कोर्ट में पेश किया गया था। वापस लौटते समय एएसआई को शॉपिंग करनी थी। इसी दौरान दुकानदार ने पुलिसकर्मियों को चाय-नाश्ता करवाया था और सद्दाम बिहारी को भी चाय पिलाई गई थी।




