जयपुर, राजस्थान, 29 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर संदेश नायक ने शनिवार को जयपुर जिले के बस्सी, चाकसू और कानोता मतदान क्षेत्रों का दौरा कर नगरपालिका चुनाव की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया, मतदान केंद्रों की साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था सहित मतदान से जुड़ी विभिन्न तैयारियों की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान स्थल, परिवहन व्यवस्था, मतदान सामग्री के रखरखाव, विशेष योग्यजन के लिए सुविधायुक्त मतदान, स्ट्रोंगरूम और मतगणना कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए।
बस्सी में उन्होंने डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी कॉलेज तथा महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक कॉलेज और कानोता में स्थापित स्ट्रोंगरूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम दीपक खटाना, एसीएम बस्सी, एसएचओ बस्सी, एसएचओ कानोता, उप पंजीयक बस्सी सहित चाकसू के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




