उन्नाव।आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर जिले की राजनीति में सरगर्मियां बेहद तेज हो गई हैं। बांगरमऊ क्षेत्र के कद्दावर और बेहद लोकप्रिय भाजपा नेता अर्जुनलाल दिवाकर ने आगामी चुनाव को लेकर मोहान विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता को कई गुना बढ़ा दिया है। लगातार 5 बार ब्लॉक प्रमुख रहने का ऐतिहासिक और अद्वितीय रिकॉर्ड बनाने वाले दिवाकर अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर मोहान विधानसभा से चुनावी रण में उतरने की तैयारियों में पूरी तरह जुट गए हैं।
वरिष्ठ नेता की इस चुनावी सक्रियता से मोहान विधानसभा क्षेत्र का सियासी पारा चढ़ गया है। क्षेत्र में जमीनी स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ और जनसेवा के लंबे रिकॉर्ड के चलते स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच उनके इस कदम को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
मालूम हो कि लगातार 5 बार ब्लॉक प्रमुख के पद पर रहकर क्षेत्र में विकास की नई परिभाषा लिखने का अटूट रिकॉर्ड के साथ ही ब्लॉक प्रमुख रहते हुए जन-जन तक सीधे संपर्क और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ अर्जुन लाल दिवाकर का गहरा जुड़ाव रहा है। अपने कार्यकाल में कराए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों और प्रशासनिक अनुभव के दम पर क्षेत्र में सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरे। मोहान विधानसभा में अर्जुनलाल दिवाकर के सक्रिय होने से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जबरदस्त ऊर्जा देखी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अर्जुनलाल दिवाकर जी का लंबा राजनीतिक अनुभव और बेदाग छवि मोहान विधानसभा में भाजपा को एक नई मजबूती देगी। 5 बार ब्लॉक प्रमुख के रूप में उनके द्वारा कराए गए सड़कों का निर्माण, पेयजल सुविधाएं, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में जमीनी काम और सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि “अर्जुनलाल दिवाकर जी केवल एक नेता नहीं, बल्कि सुख-दुख के साथी हैं। जब भी क्षेत्र की जनता को जरूरत हुई, वे हमेशा अग्रणी भूमिका में खड़े रहे। उनके आने से मोहान विधानसभा में विकास की एक नई बयार बहेगी।”
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अर्जुनलाल दिवाकर ने मोहान क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। वे लगातार गांवों का दौरा कर रहे हैं, चौपालें लगा रहे हैं और लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। उनके इस जनसंपर्क में उमड़ रही भीड़ और मिल रहा जनसमर्थन अन्य दलों के साथ-साथ पार्टी के भीतर भी उनकी दावेदारी को बेहद मजबूत बना रहा है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि पार्टी उन पर भरोसा जताती है, तो मोहान सीट पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है। उनके आने से न केवल भाजपा का कोर वोटर बल्कि अन्य वर्गों का मतदाता भी पार्टी की तरफ आकर्षित हो रहा है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में यह चुनावी हलचल क्या नया मोड़ लेती है, लेकिन फिलहाल अर्जुनलाल दिवाकर के जनसंपर्क और सक्रियता ने मोहान की राजनीतिक फिजा को पूरी तरह से बदल दिया है।




