नवीन गल्ला मंडी समिति बांगरमऊ में आढ़तियों की मनमानी से किसने व उपभोक्ताओं में भारी रोष

0
46

उन्नाव।बांगरमऊ नवीन गल्ला मंडी समिति इन दिनों भ्रष्टाचार और आढ़तियों की मनमानी का अड्डा बन चुकी है। मंडी में फल व सब्जी बेचने आने वाले किसानों और खरीदारों से नियम-विरुद्ध तरीके से अवैध कमीशन वसूला जा रहा है। हद तो तब हो गई जब आम की तौल पर भी आढ़ती 2 रुपये प्रति किलो की दर से धड़ल्ले से अपना कमीशन काट रहे हैं। इस खुली लूट और मंडी प्रशासन की कथित मिलीभगत को लेकर स्थानीय ग्राहकों, उपभोक्ताओं और किसानों में भारी रोष व्याप्त है।​
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि इस समय मंडी में आम की बंपर आवक हो रही है आम की तौल पर भी आढ़ती अपना भारी-भरकम कमीशन काट रहे हैं, जिससे किसानों के हाथ में कुछ भी नहीं बच रहा है।
​मंडी के सूत्रों और पीड़ित ग्राहकों का आरोप है कि यह पूरा खेल नवीन गल्ला मंडी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों की नाक के नीचे चल रहा है। शिकायत के बावजूद मंडी प्रशासन आढ़तियों पर लगाम लगाने के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है। आरोप है कि मंडी कर्मियों की मिलीभगत और उनकी शह पर ही आढ़ती बिना किसी डर के अवैध वसूली और घटतौली को अंजाम दे रहे हैं। ​मंडी में खरीदारी करने आए स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि आढ़तियों की इस मनमानी का सीधा असर उनकी जेब पर पड़ रहा है। कमीशनखोरी और मंडी टैक्स के नाम पर होने वाली इस अवैध वसूली के कारण बाजार में फल और सब्जियां महंगी मिल रही हैं। ग्राहकों का कहना है कि सरकार एक तरफ किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ बांगरमऊ मंडी में सरेआम किसानों और उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है। ​क्षेत्र के किसानों और आक्रोशित उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और मंडी परिषद के उच्चाधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दोषी आढ़तियों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले मंडी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here