बांगरमऊ,उन्नाव ।नगर में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए मंगलवार दोपहर एक संत की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। संत की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने हरदोई-उन्नाव मार्ग पर जाम लगाकर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया और जाम खुलवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर के मोहल्ला घूरे टोला निवासी 46 वर्षीय मिलन अर्कवंशी पुत्र रामबली सन्यासी जीवन व्यतीत कर रहे थे। बताया जाता है कि मंगलवार को वह अपने मंदिर में बैठे थे। दोपहर करीब 12 बजे वह बाईपास मार्ग के निकट मोहल्ला पुरबिया टोला पहुंच गए। जहां कुछ लोग पहले से मौजूद थे। बताया जाता है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अज्ञात लोगों ने मिलन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल मिलन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सभासद अतीक उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।जहां डॉ. पीयूष मिश्रा ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। संत की हत्या की खबर पूरे नगर में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र पांडेय तथा क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उग्र भीड़ ने अस्पताल के सामने हरदोई-उन्नाव मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है। अधिकारियों ने लोगों को शीघ्र कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
समाचार लिखे जाने तक मृतक पक्ष की ओर से कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।




