सरसौल,कानपुर।थाना महाराजपुर क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। रूमा स्थित जयपुरिया स्कूल में खाली मैदान अचानक से आग भड़क उठी। सूखी घास और कूड़े में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्कूल स्टाफ के द्वारा तुरंत प्रबंधन को सूचना दी और फायर ब्रिगेड को कॉल पर जानकारी प्रदान की गई, जानकारी पाकर जाजमऊ फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
*गनीमत रही* कि आग स्कूल की बिल्डिंग तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि आसपास के लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल पड़े
पुलिस के द्वारा मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। स्कूल प्रबंधन ने आशंका जताई है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई हो सकती है, उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जाजमऊ फायर स्टेशन प्रभारी के द्वारा बताया कि समय रहते आग बुझा दी गई, अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है




