कानपुर। कलक्टरगंज पुलिस ने एजेंसी एजेंट से एक लाख रुपये की लूट करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों का भरोसा जीतते थे और फिर लिफ्ट के बहाने वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पुलिस की वर्दी, कैप, डंडा, नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एडीसीपी ईस्ट शिवा सिंह ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विष्णुपुरी निवासी कुलदीप शर्मा एक समाचार पत्र के घंटाघर सेंटर के एजेंट हैं। 29 मई को काम खत्म कर घर लौटते समय उन्हें पुलिस की वर्दी पहने बाइक सवार युवक मिला, जिसके पीछे दो युवक बैठे थे। बाइक सवार ने एक युवक को मूलगंज चौराहे तक छोड़ने की बात कही। पुलिसकर्मी समझकर कुलदीप ने युवक को अपनी बाइक पर बैठा लिया। मूलगंज पहुंचने के बाद युवक उतर गया। युवक के जाने के बाद कुलदीप ने जेब चेक की तो एक लाख रुपये गायब मिले और जेब कटी हुई थी। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कन्नौज के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी रोहित कंजड़ उर्फ भंगी उर्फ ऋषभ उर्फ रोहन और ठठिया थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी बृजेश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनका तीसरा साथी फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पुलिस की वर्दी पहनकर अलग-अलग नेम प्लेट लगाते थे, जिससे लोग उन्हें असली पुलिसकर्मी समझ लेते थे। इसके बाद वे लोगों को लिफ्ट देने या लेने के बहाने सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट और लूटपाट करते थे। पुलिस ने आरोपियों के घरों से पुलिस की वर्दी, कैप, डंडा, 30 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। आरोपियों के मोबाइल फोन से पुलिस वर्दी में कई तस्वीरें भी मिली हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक जिले में वारदात करने के बाद दूसरे जिले में चले जाते थे, ताकि गिरफ्तारी से बच सकें। घंटाघर इलाके में भी उन्होंने पहले रेकी की थी और ऐसे स्थान चुने थे जहां पुलिस गश्त कम रहती है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित के खिलाफ विभिन्न जिलों में 23 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बृजेश पर 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
Home CHIEF CORRESPONDENT VAIBHAV GUPTA खाकी’ पहनकर लूट करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार




