कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण हादसा: बारातियों से भरी 6 गाड़ियां भिड़ीं, 16 घायल

0
65

कानपुर-घाटमपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा कस्बे स्थित तिलसड़ा मोड़ के पास बारात से लौट रही गाड़ियों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ईको वैन, डंपर, तीन कारें और एक डीसीएम सहित कुल 6 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 16 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारातियों से भरी ईको वैन तिलसड़ा मोड़ पर अचानक बंद हो गई और पीछे की ओर लुढ़कने लगी। इसी दौरान पीछे से आ रहे गिट्टी लदे डंपर ने वैन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे आ रही तीन अन्य कारें और एक डीसीएम भी एक-दूसरे से भिड़ गए और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पतारा चौकी पुलिस और एनएचआई की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान चौकी इंचार्ज ललित शर्मा के हाथ में चोट लग गई। सभी घायलों को पहले पतारा सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुछ घायलों ने निजी अस्पतालों में भी इलाज कराया। हादसे में घायल प्रांशु शुक्ला (20), आशीष शर्मा (20), खुशीराम (50), रुद्र (30), नरेश (40), मोहित (40), प्रदीप (40), सागर (14), राजेश (40), मनोज कुमार (45), रामबाबू, हसीम (45), सारनाथ (45), जयराम (50), अजय कुमार (45) और सलमान (45) इस हादसे में घायल हुए हैं। हादसे के बाद कानपुर-सागर हाईवे पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हमीरपुर की ओर जहांगीराबाद और कानपुर की ओर बिधनू तक वाहन फंसे रहे। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। इस दौरान घाटमपुर और रमईपुर चौराहों से डायवर्जन लागू किया गया। घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल यातायात सामान्य कर दिया गया है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here