काकादेव में दबंगों का ‘बाइकों वाला तांडव’; 35 बाइकों पर सवार युवकों ने मचाया उत्पात, सीसीटीवी में कैद हुई पत्थरबाजी

0
22

कानपुर। काकादेव इलाके का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बाइकों के बड़े काफिले के साथ हंगामा और पथराव की घटना नजर आ रही है। हालांकि, नव हिन्दुस्तान पत्रिका इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 8:45 बजे एक गली से लगभग 35 बाइकों का काफिला गुजरा। वायरल वीडियो ( 1 मिनट 17 सेकंड) में देखा जा सकता है कि अधिकांश बाइकों पर तीन-तीन युवक सवार हैं। इस दौरान करीब 8 से 10 बाइक एक घर के बाहर रुकती हैं, जहां कुछ युवक गाली-गलौज करते हुए पथराव करते नजर आते हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइकों की तेज रफ्तार और शोर से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर मौजूद लोग डर के कारण अपने-अपने घरों में दुबक गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ युवकों के हाथों में डंडे भी थे। क्षेत्र में चर्चा है कि यह घटना पुरानी रंजिश के चलते दबंगों द्वारा वर्चस्व दिखाने के उद्देश्य से की गई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी फिलहाल नहीं है। मामले को संज्ञान में लेकर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here