कानपुर।स्वरूप नगर स्थित काली मठिया महाकालेश्वर मंदिर परिसर में ‘बाबा महाकाल यज्ञ सेवा समिति (रजि.)’ के तत्वावधान में आयोजित 27वाँ वार्षिक उत्सव आज पूरी दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन मनोकामना पूर्ति यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया,जिसमें श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ उठाया। उत्सव के अंतिम दिन प्रातः काल वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ‘मनोकामना पूर्ति यज्ञ’ संपन्न हुआ। चित्रकूट धाम से पधारे श्री अभिषेक शुक्ल महाराज के सानिध्य में यजमानों और भक्तों ने विश्व शांति एवं जन-कल्याण की आहुतियां डालीं। आचार्य नरेन्द्र शास्त्री ने बताया कि इस यज्ञ की भस्म और धुएं से वातावरण शुद्ध हुआ और भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना की। कथा के विश्राम दिवस पर महाराज श्री ने सुदामा चरित्र और परीक्षित मोक्ष के प्रसंग सुनाए। उन्होंने कहा कि “श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण जीवन की नई शुरुआत है। कथा समाप्त होती है, लेकिन भक्ति की यात्रा अनंत है। महाराज श्री की विदाई के समय भक्त भावुक हो उठे। समिति द्वारा महाराज श्री का भव्य अभिनंदन और विदाई पूजन किया गया। यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। समिति के कार्यकर्ताओं ने पूरी श्रद्धा के साथ व्यवस्था संभाली। प्रसाद पाकर श्रद्धालु तृप्त दिखे और पूरा क्षेत्र “जय महाकाल” के उद्घोष से गूंजता रहा। समिति के अध्यक्ष आचार्य नरेन्द्र शास्त्री ने उत्सव को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आचार्य अम्बरीश जी, आचार्य पंकज काफ्ले, आचार्य गोपाल दहल, अजीत श्रीवास्तव, डॉ. संध्या ठाकुर, दीपा निगम, विजयलक्ष्मी शर्मा, सुभित चंदेल, आनंद अवस्थी, वीरेंद्र मिश्रा, प्रेमा, गीता निगम सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Home CORRESPONDENT ANIL KUMAR VARMA मनोकामना पूर्ति यज्ञ और विशाल भंडारे के साथ बाबा महाकालेश्वर के 27वें...




