उन्नाव।पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच परिषदीय विद्यालयों का संचालन प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक किया जा रहा है। दोपहर के समय तापमान 42 डिग्री के पार जा रहा है, जिससे बच्चों और शिक्षकों दोनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।अभिभावकों का कहना है कि 12 बजे के बाद कक्षाओं में बैठना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन गया है। कई स्कूलों में पंखे भी ठीक से नहीं चलते और बिजली कटौती अलग से मुसीबत बढ़ाती है। छोटे बच्चे लू लगने, डिहाइड्रेशन और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। शिक्षकों ने भी बताया कि दोपहर में पढ़ाना मुश्किल हो गया है — बच्चे सुस्त हो जाते हैं और एकाग्रता नहीं रहती।स्थानीय लोगों और शिक्षक संगठनों की मांग है कि गर्मी और हीट वेव को देखते हुए विद्यालय का समय तत्काल बदला जाए। उनका सुझाव है कि स्कूलों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाए, ताकि तेज धूप से पहले ही बच्चे घर पहुंच जाएं। अभिभावकों में नाराजगी है कि जिला प्रशासन इस मुद्दे पर मौन साधे हुए है। लोगों का आरोप है कि एसी कमरों में बैठे अधिकारियों को जमीनी हालात का अंदाजा नहीं है। कई जिलों में गर्मी को देखते हुए समय परिवर्तन के आदेश जारी हो चुके हैं, लेकिन उन्नाव में अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि अगर किसी बच्चे के साथ गर्मी के कारण कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी सीधे प्रशासन की होगी। फिलहाल सभी की निगाहें जिलाधिकारी के आदेश पर टिकी हैं।




