कानपुर।एक भावुक और प्रेरणादायक वापसी के साथ, प्रसिद्ध उद्योगपति और दूरदर्शी नेता डॉ. दिनेश शाहरा अपने पुराने संस्थान हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी पहुंचे,जहां उन्होंने अपनी लीडरशिप पर आधारित किताब लीडिंग फ्रॉम विदिन-11 प्रिंसिपल्स फॉर क्लैरिटी, कॉन्फिडेंस एंड इंपैक्टफुल का विमोचन किया। यह किताब उनके 50 वर्षों के अनुभव पर आधारित है,जिसमें उन्होंने न्यूट्रेला और महाकोष जैसे सफल ब्रांड बनाए और भारत में येलो रिवोल्यूशन में योगदान दिया। इस किताब में लीडरशिप के ऐसे सिद्धांत बताए गए हैं जो सिर्फ मुनाफे तक सीमित नहीं हैं,बल्कि स्पष्ट सोच,जिम्मेदारी, सेवाभाव और समाज में सकारात्मक प्रभाव बनाने पर जोर देते हैं। कार्यक्रम में बोलते हुए डॉ. शाहरा ने अपने पुराने संस्थान में लौटने पर गहरी खुशी और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एचबीटीयू वापस आना उनके लिए एक खास पल है,जहां से उनके जीवन की दिशा,सोच और अनुशासन की शुरुआत हुई। इंटरैक्टिव सेशन के दौरान उन्होंने केमिकल इंजीनियरिंग के छात्रों से लीडरशिप,उद्यमिता,सफलता और जीवन में संतुलन पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि सच्ची लीडरशिप सिर्फ लक्ष्य हासिल करना नहीं है,बल्कि दूसरों को प्रेरित करना,मूल्य बनाना और एक बड़े उद्देश्य से जुड़कर काम करना है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे सिर्फ बाहरी सफलता के पीछे न भागें, बल्कि स्पष्ट सोच,साहस और योगदान के साथ जीवन बनाएं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. समशेर ने इस पुस्तक की सराहना करते हुए कहा, डॉ. शाहरा की यात्रा हमें बताती है कि मूल्यों पर आधारित लीडरशिप कितनी महत्वपूर्ण है। उनकी यह किताब हर छात्र और युवा को उद्देश्य और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। छात्रों ने इस सत्र को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। कई छात्रों ने कहा कि सफलता और संतुष्टि के बीच संतुलन पर उनकी बातों ने उनके सोचने का नजरिया बदल दिया। इस अवसर पर कैंपस में वृक्षारोपण भी किया गया,जिससे पर्यावरण और सस्टेनेबिलिटी के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। डॉ. शाहरा ने कहा कि भविष्य युवाओं के हाथ में है और उनकी जिम्मेदारी है कि वे ऐसा समाज बनाएं जहां विकास और प्रकृति दोनों का संतुलन बना रहे। डॉ. दिनेश शाहरा एक दूरदर्शी उद्योगपति,लेखक और समाजसेवी हैं। वे दिनेश शाहरा फाउंडेशन के माध्यम से सस्टेनेबिलिटी,शिक्षा और समाज के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।




