चारधाम यात्रा 2026 की तैयारी: एडीजी ए.पी. अंशुमान ने गोपेश्वर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0
34

गोपेश्वर,चमोली (उत्तराखंड)। आगामी चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जनपद चमोली के दौरे पर आए अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान ने अपने तीन दिवसीय भ्रमण के अंतिम दिन गोपेश्वर में तैयारियों का जायजा लिया।
एडीजी ने पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के साथ सर्वप्रथम ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर समिति द्वारा उनका स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इसके बाद रुद्रनाथ-गोपीनाथ मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहितों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और बेहतर प्रबंधन को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। समिति ने प्रस्ताव रखा कि केदारनाथ से आने वाले यात्रियों को मंदिर मार्ग के माध्यम से गोपीनाथ मंदिर दर्शन की सुविधा दी जाए, जिससे अधिक श्रद्धालु इस पवित्र स्थल के दर्शन कर सकें।
🚧 पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
यात्रा के दौरान बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए बड़े वाहनों को मुख्य बाजार से बाहर निर्धारित स्थलों पर पार्क कर श्रद्धालुओं को पैदल भेजने तथा छोटे वाहनों के लिए श्योरा मैदान में पार्किंग विकसित करने का सुझाव दिया गया।
🏔️ रुद्रनाथ यात्रा के लिए विशेष व्यवस्था
चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर की दुर्गम यात्रा को ध्यान में रखते हुए यह सुझाव दिया गया कि बाहरी श्रद्धालुओं के लिए स्थानीय गाइड अनिवार्य किए जाएं, ताकि कोई भी यात्री रास्ता भटक न सके।
इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने एडीजी से शिष्टाचार भेंट कर यात्रा तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज भट्ट, सचिव शांति प्रसाद भट्ट सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here