उन्नाव।अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने रवाना की महिला सशक्तिकरण शक्ति वाहिनी बाइक रैली। उत्तर प्रदेश पुलिस के महत्वपूर्ण अभियान ‘मिशन शक्ति’ फेज 5 के तहत, उन्नाव जिले में महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य शक्ति वाहिनी स्कूटियों से सुसज्जित रैली का आयोजन किया गया। श्री जय प्रकाश सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशानुसार रैली को श्री अखिलेश सिंह अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, श्रीमती सोनम सिंह क्षेत्राधिकारी नगर एवं श्रीमती विनी सिंह क्षेत्राधिकारी लाइन ने गदनखेड़ा बाईपास से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में जनपद के समस्त थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्र को प्रदत्त 21 शक्ति वाहनी स्कूटी सहित कुल 50 दोपहिया वाहनों ने प्रतिभाग किया। रैली ने उन्नाव शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शहर का भ्रमण किया एवं रिजर्व पुलिस लाइन में रैली का समापन हुआ। इसका उद्देश्य समाज में महिलाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। रैली के दौरान, सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें वूमेन पॉवर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सहायता नंबर 112 और चाइल्डलाइन 1098 शामिल हैं। इन नंबरों का उद्देश्य संकट में फंसी महिलाओं और बच्चों को तुरंत सहायता प्रदान करना है।वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी महत्वपूर्ण सावधानियां बताई गईं। यह प्रयास महिलाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए सशक्त बनाने के लिए किया गया है।’मिशन शक्ति’ का यह चरण उन्नाव पुलिस की महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसका लक्ष्य महिलाओं को एक सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान करना है। उपरोक्त कार्यक्रम मे श्री सचिन राय प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव, श्रीमती संतोष कुमारी सिंह प्रभारी मिशन शक्ति का विशेष योगदान रहा ।




