शहीद दिवस के उपलक्ष्य में एनसीसी ग्राउंड गांधी नगर तिराहे से शास्त्री पार्क हरदोई ओवर ब्रिज के पास तक पदयात्रा / तिरंगा यात्रा निकाली गयी

0
9

उन्नाव।मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार) एवं डीएसएन कॉलेज उन्नाव की एनसीसी इकाई द्वारा शहीद दिवस के उपलक्ष्य में एनसीसी ग्राउंड गांधी नगर तिराहे से शास्त्री पार्क हरदोई ओवर ब्रिज के पास तक पदयात्रा / तिरंगा यात्रा निकाली गयी। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने पद यात्रा को हरी झंड़ी दिखा कर रवाना करते हुये कहा कि हर वर्ष 23 मार्च को पूरे देश में शहीद दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन वीर सपूतों को समर्पित है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने विशेष रूप से भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान को याद किया, जिन्हें 23 मार्च 1931 को लाहौर जेल में फांसी दी गई थी। उनके बलिदान ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की। विमल द्विवेदी जिलाध्यक्ष ने कहा कि शहीद दिवस हमें साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के अतुलनीय साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। उनका त्याग हमें देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाता है। “सरफरोशी की तमन्ना” का उनका जज्बा युवाओं को सदैव प्रेरित करता रहेगा। अनुपम शुक्ला प्रोफेसर डीएसएन कॉलेज ने इस दिन को क्रांतिकारी सोच और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देने वाला बताया। डॉ विपिन सिंह लेफ्टिनेंट एनसीसी अधिकारी ने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।और कहा कि ऐसे वीर-सपूतों को सलाम करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। उन्होंने देशभक्ति का संदेश देते हुए शहीदों के सम्मान में नारे लगाए और उनके बलिदान को याद किया। कार्यक्रम का समापन पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम प्रभारी पूर्व राष्ट्रीय स्वयं सेवक धर्मेन्द्र ने सभी का आभार वक्त किया। इस अवसर पर सीनियर अंडर ऑफिसर मनीषा यादव, अंडर ऑफिसर नैना, अभिषेक यादव, सूर्यांश तिवारी सहित सैकड़ों युवाओं की मौजूदगी रही।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here