आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटी, महिला की मौत तीन दर्जन से अधिक यात्री घायल चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

0
10

उन्नाव।बांगरमऊ थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक स्लीपर बस पलट गई। इस हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग तीन दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

यह दुर्घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 239 पर नसीरपुर गांव के पास हुई। बस दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में एक कार्यक्रम से लौटकर लखनऊ की ओर जा रही थी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पहिए रिम सहित निकल गए।
हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। भारी पुलिस बल के के साथ थाना प्रभारी बांगरमऊ और यूपीडा टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांगरमऊ भेजा गया।

मृतकों में लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय तारावती पत्नी त्रिभुवन शामिल हैं। हादसे में लगभग 20 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम बांगरमऊ ब्रज मोहन शुक्ला और क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष सिंह बांगरमऊ ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और और जिला अधिकारी व पुलिस अधीक्षक नें जिला चिकित्सालय पहुंचकर चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में चालक को झपकी आना दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने बस को हटाकर यातायात सुचारु कराया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here