अहमदाबाद। शहर में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब के कारोबार पर सरदार नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान से विदेशी शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से लाखों रुपये कीमत की शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि महाजनिया वास क्षेत्र में स्थित एक मकान में चोरी-छिपे विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। तलाशी के दौरान मकान में रखे पार्सल, कार्टन और प्लास्टिक की थैलियों की जांच की गई, जिसमें अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की बोतलें मिलीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 23 कार्टन, प्लास्टिक की बोरियों में भरी शराब की बोतलें तथा टीन के डिब्बों में रखी विदेशी शराब बरामद की। जब्त की गई शराब की कुल कीमत करीब ₹2,82,000 आंकी गई है।
इन अधिकारियों की टीम ने की कार्रवाई।
इस कार्रवाई में पुलिस सब इंस्पेक्टर एन. एम. पटेल,
एएसआई विजयसिंह,हेड कॉन्स्टेबल हितेन्द्रकुमार,
कॉन्स्टेबल चंद्रसिंह,कॉन्स्टेबल प्रहलाद सिंह,
पुलिस कर्मचारी परेशकुमार,तथा कॉन्स्टेबल नितेशभाई की टीम शामिल रही।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गुजरात निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




