उन्नाव।रमजान-उल-मुबारक का पवित्र महीना अपने अंतिम पड़ाव पर है। इसी कड़ी में 26वें रमजान यानी 27वीं शब की मुबारक रात को गंजमुरादाबाद की ऐतिहासिक ‘बड़ी मस्जिद’ में तरावीह की नमाज के दौरान कुरआन पाक मुकम्मल (पूरा) होने का विशेष कार्यक्रम संपन्न हुआ।
मस्जिद में तरावीह की नमाज पढ़ा रहे हाफिज मकासिद ने अपनी सुरीली आवाज में इस मुकद्दस महीने में कुरआन पाक मुकम्मल किया। 27वीं शब को जैसे ही अंतिम पारा (अध्याय) समाप्त हुआ, मस्जिद ‘सुभान अल्लाह’ की सदाओं से गूंज उठी। हाफिज साहब के इस नेक कार्य की सभी अकीदतमन्दों ने सराहना की और उन्हें मुबारकबाद पेश की। कुरआन पाक मुकम्मल होने के बाद मस्जिद में एक विशेष सामूहिक दुआ का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में रोजेदार और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। दुआ के दौरान भावुक कर देने वाले दृश्य देखने को मिले, जहां हर आंख नम थी और हर हाथ खुदा की बारगाह में उठा हुआ था।
विशेष दुआ में हाफिज मकासिद ने न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे मुल्क में अमन, चैन, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी। उन्होंने दुआ की कि हमारे देश में हमेशा शांति बनी रहे और सभी नागरिक मिल-जुलकर रहें। साथ ही, बीमारों की शिफा और मरहूमों की मगफिरत के लिए भी विशेष प्रार्थना की गई। नमाज और दुआ के बाद मस्जिद कमेटी और स्थानीय लोगों द्वारा हाफिज मकासिद का इस्तकबाल (स्वागत) किया गया। उन्हें तोहफे और दुआओं से नवाजा गया। अंत में उपस्थित लोगों के बीच तबर्रुक (प्रसाद) का वितरण किया गया। इस मौके पर दरगाह के सज्जादानसीं हजरत मारूफुर्रहमान उर्फ मारूफ मियां साहब, पीरजादा मुन्ना मियां, गुलाम रब्बानी मियां, मौलाना इब्राहिम अब्र, आमिर खान, चेयरमैन प्रतिनिधि मोहम्मद कामिल कुरैशी, नौशाद खान, शहरुल खान, अजहर खान, आदिल खान, अयान खान, दानिश सहित काफी तादाद में नमाजी और हकीदतमंद मौजूद रहे।




