वाहन चेकिंग के दौरान मोटर साइकिल चोर गिरफ्तार कब्जे से मिली चोरी की दो बाइक

0
9

बांगरमऊ, उन्नाव।कोतवाली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलो के अलावा अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कोतवाली में पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
कोतवाली के उपरीक्षक वीरेंद्र विक्रम सिंह व सुरेंद्र यादव सिपाही अमित कुमार एवं राजेश कुमार के साथ पुलिस बिल्हौर मार्ग स्थित कल्याणी नदी पुल के निकट सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में एक युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो वह घबरा गया। वह मोटरसाइकिल के कागजात भी नहीं दिखा सका । तब पुलिस ने उसकी तलाशी ली । जिसमें उसके पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए युवक ने अपना नाम इमरान पुत्र इलियास निवासी मोहल्ला मस्तुटोला कस्बा बांगरमऊ बताया । कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर अपराधी है। जिसके विरुद्ध यहाँ कोतवाली में चोरी, अवैध असलहा और अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया । जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here