उन्नाव।बांगरमऊ नगर पालिका परिषद में अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को लेकर पहुंचे 21 सभासदों ने अनदेखी और असहयोग का आरोप लगाते हुए लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है। सभासदों के अनुसार 10 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वे लोग नगर पालिका कार्यालय में नगर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों के संबंध में बातचीत करने के लिए पहुंचे थे।
सभासदों का कहना है कि वे अपने वार्डों में साफ-सफाई, नाली, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर चर्चा करना चाहते थे, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुना गया। उनका आरोप है कि उन्हें उचित समय नहीं दिया गया और उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया।
इससे नाराज होकर सभी सभासदों ने सामूहिक रूप से एक प्रार्थना पत्र देकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि नगर पालिका में जनप्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए, क्योंकि वे अपने-अपने वार्डों की जनता की समस्याएं लेकर आते हैं। यदि उनकी बातों को ही महत्व नहीं दिया जाएगा तो जनता की समस्याओं का समाधान कैसे हो सकेगा।
सभासदों ने यह भी कहा कि नगर के विकास कार्यों और योजनाओं में सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि भविष्य में सभासदों को सम्मानपूर्वक सुना जाए और उनके वार्डों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए।
साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं और मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे सामूहिक रूप से आंदोलन करने के लिए भी बाध्य होंगे।




