उन्नाव।जैसे-जैसे पारा चढ़ रहा है, गर्मी की शुरुआत के साथ ही मौसमी बीमारियों ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। नगर के प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की तादाद में 30 से 40 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। सुबह आठ बजे से ही पंजीकरण काउंटरों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, सबसे अधिक मरीज नज़ला, ज़ुकाम, खांसी, बदन दर्द और तेज बुखार की शिकायतों के साथ आ रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों पर इस बदलते मौसम का सबसे गहरा असर पड़ रहा है। सामान्य दिनों की तुलना में ओपीडी में मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। डॉक्टरों को अतिरिक्त समय देना पड़ रहा है। ओआरएस (ORS) और बुखार की दवाइयों की मांग में अचानक तेजी आई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजमुरादाबाद के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मंजेश कुमार ने एक खास बातचीत में बताया कि “यह समय बहुत सावधानी बरतने का है। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।” पानी के साथ-साथ नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का अधिक प्रयोग करें बासी खाने से बचें क्योंकि गर्मी में खाना जल्दी खराब होता है, जिससे फूड पॉइजनिंग का खतरा रहता है। हल्के रंग के और सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर का तापमान सामान्य बना रहे।




