उन्नाव।समाजवादी पार्टी के जिला सचिव व समाजसेवी सलीमुर्रहमान ने घरेलू गैस सिलेंडरों की आसमान छूती कीमतों और बाजार में व्याप्त कालाबाजारी को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “महंगाई की मार” ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और सरकार आंखें मूंद कर बैठी है।
सलीमुर्रहमान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में गैस सिलेंडर के दाम आम जनता की पहुंच से बाहर हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, तो दूसरी तरफ सिलेंडरों की किल्लत पैदा कर अवैध वसूली और कालाबाजारी का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार अब फिर से चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं।
जिले में गैस की आपूर्ति में धांधली हो रही है, जिससे जरूरतमंदों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। सपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत बांटे गए सिलेंडर अब केवल घरों के कोनों में शोपीस बनकर रह गए हैं, क्योंकि लोग उन्हें भरवाने में असमर्थ हैं। सपा नेता ने मांग की कि सरकार तुरंत बढ़े हुए दामों को वापस ले और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बढ़ी कीमतों व कालाबाज़ारी पर लगाम नहीं लगाई गई, तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर जनहित में आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।




