उन्नाव।विकासखण्ड मियागंज के ब्लाक सभागार में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्षों और सचिवों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी मनीन्द्र कुमार ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रबंध समिति के अध्यक्षों एवं सचिवों को संबोधित करते हुए बी ई ओ ने बाल अधिकार एवं उनके संरक्षण, बच्चों के अधिकारों के प्रति अभिभावकों की जिम्मेदारी, वित्तीय प्रबंधन और विद्यालय विकास योजना निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की । उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति की सक्रियता से ही विद्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित होगी। इसलिए सक्रिय SMCs के माध्यम से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यशाला में प्रशिक्षार्थियों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 (Right of Children to Free and Compulsory Education Act, 2009) और उत्तर प्रदेश के नियमों व दायित्वों से अवगत कराया गया। स्कूली शिक्षा में बालिकाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, ‘शारदा’ कार्यक्रम के तहत स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान, नामांकन और ठहराव पर भी बल दिया गया।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा (निपुण भारत मिशन) के लक्ष्यों को प्राप्त करने, विद्यालय सुरक्षा एवं जलवायु परिवर्तन, और ‘विद्यालय कायाकल्प’ जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। SMC बैठकों के संचालन और विभिन्न रजिस्टरों के रखरखाव पर भी विस्तृत चर्चा हुई एवं समग्र शिक्षा के अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण और स्थानीय प्राधिकरणों के कार्य एवं दायित्वों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में संदर्भदाता के रूप में एoआरoपीo दीप नारायण त्रिपाठी, अभिषेक शुक्ल एवं संजीव दीक्षित उपस्थित रहे जिनके द्वारा प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के पंजीकरण, संदर्भ सामग्री के वितरण और उनके प्रश्नों का संतोषजनक समाधान किया गया। UDISE+ और CWSN (विशेष आवश्यकता वाले बच्चे) से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर शिक्षक चेतराम, सुनील कुमार, राम कृष्ण प्रबंध समिति के अध्यक्ष मेंगुडिया इन्द्रपाल, सरोजिनी आदि मौजूद रही। प्रबंध समिति के अध्यक्षों में बेचेलाल, चिरंजू, नीलम, मूलचंद, मनोज,सुहैल इत्यादि मौजूद रहे।
देखे फोटो।





