उन्नाव।कस्बा गंजमुरादाबाद में रमजान के मुकद्दस महीने के दौरान आध्यात्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। यहाँ स्थित प्रसिद्ध प्रतिष्ठान ‘मदीना ज्वेलर्स’ के तत्वावधान में आयोजित विशेष 6 दिवसीय तरावीह की नमाज का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय अकीदतमंदों ने शिरकत की।
इस 6 दिवसीय विशेष तरावीह की नमाज में हाफिज मुस्तकीम साहब ने अपनी बुलंद और सुरीली आवाज में मुकम्मल कुरआन पाक की तिलावत की। मात्र छह दिनों में कुरआन मुकम्मल होने पर उपस्थित नमाजियों ने अल्लाह का शुक्र अदा किया। हाफिज जी की तिलावत और नमाज पढ़ाने के तरीके की सभी ने प्रशंसा की। आयोजन के मुख्य संरक्षक और मदीना ज्वेलर्स के संचालक हाजी शादाब खां ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी जायरीन और स्थानीय लोगों की सहूलियत के लिए इस विशेष तरावीह का इंतजाम किया गया था। उनका उद्देश्य था कि जो लोग व्यस्तता के कारण पूरे महीने की तरावीह नहीं पढ़ पाते, वे इन 6 दिनों में कुरआन सुनने का सौभाग्य प्राप्त कर सकें। समापन के अवसर पर एक विशेष दुआ का आयोजन किया गया। हाफिज मुस्तकीम ने देश में अमन, चैन, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। नमाज के बाद मदीना ज्वेलर्स की ओर से हाफिज साहब का इस्तकबाल किया गया और उन्हें उपहार भेंट किए गए। इस मौके पर रियाज़ खां, शानू खां, सुएब खां, मौलाना रशीद, हाफिज रऊफ, हाफिज सलीम, साबिर बेग सहित स्थानीय गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में युवा व बुजुर्ग नमाजी मौजूद रहे। आयोजन की सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने आयोजकों को मुबारकबाद पेश की।




