बांगरमऊ ,उन्नाव।नगर के उन्नाव मार्ग पर स्थित कलावती अतिथि गृह में सोमवार को शक्ति कंपनी के सोलर पंप आदि उत्पादों का लोकार्पण एवं डीलर सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में कंपनी के चेयरमैन दिनेश पाटीदार ने कहा कि उनकी कंपनी शक्ति का प्रमुख उद्देश्य उत्पाद की गुणवत्ता और ग्राहकों की संतुष्टि है। कंपनी का लक्ष्य कड़ी मेहनत कर स्वप्नों की उड़ान भरना है।
सर्वप्रथम शक्ति उत्पादों के अधिकृत विक्रेता संजय मशीनरी स्टोर के प्रबंध निदेशक भगवती शंकर गुप्ता ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। बाद में शक्ति कंपनी के प्रबंध निदेशक रमेश पाटीदार ने कहा कि संपूर्ण भारत में अब तक कंपनी द्वारा तीन लाख से अधिक शक्ति सोलर पंप सेट की स्थापना की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के अपार फायदे ने दुनिया भर के लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इसी फायदे को ध्यान में रखकर कंपनी ने “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” अंतर्गत लाखों घरों में उजाला कर कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके अलावा कंपनी भारत में ही निर्मित उत्पाद सोलर माड्यूल्स, इनवर्टर और मॉड्यूल माउंटिंग स्ट्रक्चर्स एक ही छत के नीचे प्रदान करती है। हम ग्राहकों को उच्च विश्वसनीयता, तेज डिलीवरी, बेहतर क्षमता और किफायती समाधान का लाभ हर संभव प्रदान करते हैं।
शक्ति कंपनी के माइक्रो इरिगेशन सिस्टम की खूबियों का बखान करते हुए प्रबंधक राजेश पाटीदार ने कहा कि इसके उपयोग से उच्च गुणवत्ता के साथ एक वर्ष में चार फसले पैदा की जा सकती हैं और फसल उत्पादकता में भी बढ़ोतरी होती है। साथ ही फसलों को उर्वरक, खाद एवं रसायन ऑटोमेटिक सिस्टम से दे सकते हैं।




