बांगरमऊ, उन्नाव ।स्थानीय तहसील बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को आज तहसील परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में न्यायाधिकारी आकांक्षा अवस्थी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत अधिवक्ताओं के स्वागत के साथ हुई। न्यायाधिकारी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राम भरोसे वर्मा, महामंत्री रमेश द्विवेदी व कोषाध्यक्ष मुजम्मिल अहमद सहित सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई ।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने अधिवक्ता हितों की रक्षा, न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा बार और बेंच के बीच समन्वय बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह को संबोधित करते हुए सिविल जज जूनियर डिवीजन आकांक्षा अवस्थी ने कहा कि बार एसोसिएशन की मजबूती से ही अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान संभव है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री वर्मा ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि संगठन को नई दिशा दी जाएगी और सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में उपजिला अधिकारी बृजमोहन शुक्ला के अलावा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।




