बांगरमऊ,उन्नाव।कोतवाली क्षेत्र में बिल्हौर मार्ग पर तेज़ रफ़्तार बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक ग्राम प्रधान गंभीर घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक बोलेरो सहित भाग निकला।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरिया निवासी आज़ाद कुशवाहा की बीते शनिवार को बीमारी के चलते मौत हो गई थी। आज रविवार को ग्राम पंचायत माढ़ापुर के प्रधान विजयपाल कुशवाहा शव के अंतिम संस्कार में शामिल होने कोतवाली क्षेत्र के नानामऊ गंगा तट पर गए थे। वह अंतिम संस्कार के बाद बाइक से वापस अपने गांव आ रहे थे। तभी रास्ते में दोपहर बाद बिल्हौर मार्ग पर स्थित ग्राम मदार नगर के निकट सामने से तेज गति से आ रही बोलेरो में बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और ग्राम प्रधान सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक बोलेरो सहित भाग निकला। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने आनन-फानन घायल प्रधान को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है।




