समाजसेवी ने मुख्यमंत्री से की बांगरमऊ में बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं बढ़ाने की मांग

0
19

बांगरमऊ, उन्नाव।नगर के प्रमुख समाजसेवी फजलुर्रहमान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर उन्नाव जनपद के बांगरमऊ क्षेत्र में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है।
समाजसेवी ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि बांगरमऊ एक बड़ा क्षेत्र है, लेकिन यहां के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक उपकरणों/मशीनों का भारी अभाव है। उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे, लखनऊ मार्ग, सण्डीला मार्ग, बिल्हौर मार्ग और उन्नाव-हरदोई मार्ग के निकट होने के कारण यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ट्रॉमा सेंटर न होने से गंभीर मरीजों को लखनऊ या कानपुर रेफर करना पड़ता है, जिससे रास्ते में ही कई लोग दम तोड़ देते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बाल रोग विशेषज्ञ, महिला रोग विशेषज्ञ और हृदय रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञों के पद खाली पड़े हैं। क्षेत्र के गरीब मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए निजी लैब में भारी शुल्क देना पड़ता है। सरकारी अस्पताल में ही डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और अन्य जरूरी जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है। आपातकालीन स्थिति में बांगरमऊ की स्वास्थ्य सेवाएं केवल ‘रेफरल सेंटर’ बनकर रह गई हैं। पत्र के माध्यम से यह मांग की गई है कि बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत किया जाए और पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए ताकि स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूसरे शहरों की दौड़ न लगानी पड़े।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here