अज्ञात वाहन की टक्कर से प्रधान पति की हुई मौत पत्नी व बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

0
32

बांगरमऊ,उन्नाव।कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 36 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना रात करीब 11:10 बजे की है। गुलाब सिंह पुत्र स्वर्गीय करन सिंह, निवासी ग्राम नानामऊ थाना बिल्हौर जनपद कानपुर नगर, खाना खाने के बाद घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान भूड्डा चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 पीआरबी मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल गुलाब सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि गुलाब सिंह की पत्नी खुशबू वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। पति की असामयिक मौत से पत्नी खुशबू पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में दो छोटे बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा युग (10 वर्ष) और छोटा बेटा युवराज (8 वर्ष) का है। पति की मौत से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर अस्पताल और गांव में लोगों का तांता लग गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस संबंध में बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने की सूचना है। वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भूड्डा चौराहे पर तेज रफ्तार वाहनों का दबाव अधिक रहता है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने यहां सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here