बांगरमऊ,उन्नाव।तहसील क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर रूरी में कानपुर विश्वविद्यालय द्वारा संचालित श्री विशम्भर दयाल त्रिपाठी राजकीय महाविद्यालय में आज ‘गणतन्त्र दिवस सप्ताह’ के तहत काव्यपाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति से ओतप्रोत कविताएं प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं को भाव – विभोर कर दिया।
प्रतियोगिता में बी.एस.सी. एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के छात्र हर्ष श्रीवास्तव ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शीर्षक पर रचना प्रस्तुत की “मिटाने चले थे वो, भारत की बेटियों का सिंदूर, सोचा न था होगा अपना ही हर घर चकनाचूर”। वहीं बी.सी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा प्रिया गौड़ द्वारा कविता “सपनों को हकीकत कर, मेहनत की मशाल जलाओ, हर रुकावट से लड़कर, अपनी मंजिल पाओ” प्रस्तुत करते ही श्रोताओं ने तालियां बजाकर छात्रा का उत्साहवर्धन किया। इसी प्रकार बी.एस.सी. द्वितीय वर्ष बायो ग्रुप की छात्रा सोनम वर्मा ने माँ को समर्पित कविता “माँ प्रार्थनाओं की मंगल ध्वनि है, जो हर समय,हर परिस्थिति में प्रतिध्वनित रहती है” तथा बी.एस.सी. द्वितीय वर्ष बायो ग्रुप की छात्रा दिव्यांशी शुक्ला ने देश भक्ति से सम्बन्धित कविता “माटी की खुशबू में बसता है मेरा अभिमान, हर कण में गूंजता है भारत का स्वाभिमान” की भी जमकर सराहना मिली। इसके अलावा प्रतियोगिता में गीतेश, दिव्यांशी प्रजापति, चांदनी देवी, अमन पाल आदि छात्र छात्राओं ने भी काव्यपाठ कर जमकर तालियां बटोरी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य डॉ नलिन कुमार तथा संचालन प्राध्यापक अनिल कुमार ने किया। अंत में निर्णायक मंडल के डॉ. नवनीत कौर, डॉ. मनीषा बाजपेई व डॉ. अरविन्द कुमार ने छात्रा सोनम वर्मा को प्रथम, छात्र गीतेश एवं छात्रा प्रिया गौड़ को सयुक्त रूप से द्वितीय तथा छात्र हर्ष श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर विजयी घोषित किया। प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. नवनीत कौर ने बताया कि प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राओं को आगामी 26 जनवरी गणतन्त्र दिवस पर पुरस्कृत किया जायेगा।




