उन्नाव।बांगरमऊ नगर में वर्तमान समय में नाले का निर्माण/मरम्मत कार्य प्रगति पर है। इस कार्य के कारण पहले से ही मार्ग संकरा हो गया है। ऐसी स्थिति में मुख्य मार्ग पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तिरपाल लगाकर सड़क पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है, जिससे आम जनता को आवागमन में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं दोपहिया तथा चारपहिया वाहनों के आवागमन में निरंतर बाधा उत्पन्न हो रही है। कई बार स्थानीय नागरिकों द्वारा संबंधित लोगों से तिरपाल हटाने का अनुरोध किया गया, परंतु अभी तक नहीं हटाया गया। बांगरमऊ नगर पालिका प्रशासन को भी सूचित किया गया,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। कई बार तहसील दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्रों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन की उदासीनता, शिथिलता एवं घोर लापरवाही के कारण इस प्रकार के अवैध कब्जे लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे नगर की व्यवस्था और छवि दोनों प्रभावित हो रही हैं।




