बांगरमऊ उन्नाव ।समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय महासचिव संजीव त्रिवेदी एवं महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष अल्वी मिश्रा आदि ने कोतवाली पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रार्थना पत्र में सपा नेताओं ने कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर “इंडियन स्टोरी” नामक आईडी से उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री की फोटो वायरल की जा रही है। इस फोटो को गलत मंशा से प्रसारित किया जा रहा है। जिससे उनकी संवैधानिक छवि धूमिल हो रही है। इसके साथ ही उसी आईडी से एक अन्य फोटो भी डाली गई है । जिसमें एक महिला की निजता का गंभीर उल्लंघन किया गया है। आरोप है कि इस तरह की पोस्ट पर कई लोग समर्थन कर रहे हैं, जो समाज में गलत संदेश फैलाने का कार्य है।
सपा नेताओं ने कहा कि यह कृत्य न केवल एक परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि महिलाओं की गरिमा और निजता के अधिकार का भी उल्लंघन है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि फोटो वायरल करने वाले तथा उसका समर्थन करने वालों के विरुद्ध आईटी एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाए। इस दौरान कोतवाली में संजीव शुक्ला , अरकान सिद्दीकी , तौफीक खान , नदीस यादव , गुलिस्तान खान , मुफीस अहमद ,विकास यादव , मेराज , हसीब खान व बिन यामीन आदि सपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कोतवाली प्रभारी अखिलेश पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




