सीसी रोड पर जलभराव से बेहाल हैबतपुर के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रालियों में भर पहुंचे एसडीएम कार्यालय

0
46

बांगरमऊ,उन्नाव ।क्षेत्र की ग्राम पंचायत हैबतपुर में गंदे पानी की निकासी न होने से हालात लगातार बदतर होते जा रहे हैं। गांव की सीसी रोड पर लंबे समय से भरा गंदा पानी लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। आवागमन बाधित होने के साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर तहसील पहुंचे और एसडीएम कार्यालय पर हंगामा किया।
पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि कुछ स्थानीय लोगों द्वारा सीसी रोड पर बंधा बनाकर पानी रोक दिया गया है। गांव के गंदे पानी की निकासी उत्तर दिशा में चकरोड से होते हुए माइनर तक हो सकता है, माइनर की खुदाई करीब दो वर्ष पूर्व कराई गई थी। बाद में कुछ लोगों ने करीब 100 साल पुराने रास्ते को जोतकर खेत में मिला लिया, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। इसके चलते गंदा पानी सीसी रोड तक भर गया है और लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। ग्राम प्रधान मोना देवी ने समस्या के समाधान के लिए कई बार शिकायत की लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर करीब एक माह पूर्व उपजिलाधिकारी बांगरमऊ ब्रजमोहन शुक्ला के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, एडीओ पंचायत दीपकांत चोला एवं पुलिस टीम गांव पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांव के कई हिस्सों में भरे गंदे पानी को देखा और ग्रामीणों से समस्या की जानकारी ली थी। हालांकि निरीक्षण के बाद भी अब तक कोई ठोस समाधान न होने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। कई घरों के आसपास पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बच्चों व बुजुर्गों के बीमार पड़ने का खतरा बना हुआ है।
शुक्रवार को गांव हैबतपुर से करीब 25 महिला व पुरुष ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर तहसील पहुंचे, जहां पर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ग्रामीणों का कहना था कि गंदा पानी पूरब दिशा की हो होकर जाना चाहिए, कुछ लोग बात कर रहे थे कि उत्तर दिशा की ओर जाएगा। हालांकि फिर बाद में कहा पानी निकलने की व्यवस्था कही से भी की जाए लेकिन समस्या का समाधान होना चाहिए। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
इस संबंध में एसडीएम बांगरमऊ ब्रजमोहन शुक्ला ने बताया कि मौके पर नायब तहसीलदार सहित संयुक्त टीम को भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा और जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत होकर लौट गए। इस मौके पर गांव के सरोज, सत्यनारायण, विमलेश कुमार, संजय यादव, रामआसरे, सुशील, संदीप कटियार, ग्राम प्रधान मोना देवी सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here