घने कोहरे में बांगरमऊ लखनऊ मार्ग पर रोडवेज बस और कंटेनर की टक्कर पांच घायल

0
47

बांगरमऊ, उन्नाव।घने कोहरे के चलते गुरुवार सुबह बांगरमऊ–लखनऊ मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुस्तफाबाद गांव के पास दिल्ली से लखनऊ जा रही रोडवेज बस की लखनऊ की ओर से आ रहे कंटेनर से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस के परिचालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार रोडवेज बस बुलंदशहर जिले के अरनिया थाना क्षेत्र के ग्राम ईशनपुर निवासी चालक शिवकुमार चला रहे थे। बस में परिचालक मैनपुरी जिले के आगरा रोड निवासी शैलेश यादव के साथ करीब 25 यात्री सवार थे। गुरुवार सुबह लगभग नौ बजे जब बस बांगरमऊ–लखनऊ मार्ग पर मुस्तफाबाद गांव के पास पहुंची, तभी घने कोहरे के कारण सामने से आ रहा कंटेनर अचानक नजर आया और चालक संभल नहीं पाया। दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
बताते हैं कि टक्कर इतनी तेज थी कि रोडवेज बस और कंटेनर के बाएं हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे में परिचालक शैलेश यादव के अलावा फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के नैनसुख खेड़ा निवासी प्रकाश, सुनील और सुनील की पत्नी रेनू तथा आसीवन थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलाबाद निवासी उमेश घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ लाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना पर बांगरमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। कुछ समय के लिए लखनऊ–बांगरमऊ मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद्र पाण्डेय ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि घने कोहरे के कारण यह हादसा हुआ है। कंटेनर और रोडवेज बस की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोग घायल हुए हैं ।जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here