ग्राम पंचायत अधिकारियों ने शासकीय कार्यों के लिए बाइक छोड़ साइकिल सवारी कर क्षेत्रों को हुए रवाना

0
65

बांगरमऊ उन्नाव ।स्थानीय ब्लॉक की ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारीयों ने विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन के तृतीय चरण में आज बुधवार को ब्लाक के सभी सचिवों ने मोटर चालित निजी वाहनों का प्रयोग शासकीय कार्यों के लिए ठप्प कर दिया ।आज सभी सचिव अपनी हाजिरी ब्लाक कार्यालय में दर्ज कराने के बाद स्वयं की साइकिल से अपने-अपने क्षेत्रों को रवाना हुए।
बीते 5 दिसंबर को सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों ने आंदोलन के द्वितीय चरण के तहत खुद को शासकीय ह्वाट्सएप ग्रुप से पृथक कर लिया था और समन्वय समिति द्वारा खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह को मांग पत्र भी सौंपा था। जिसमें मांग उठाई गई थी कि ग्राम पंचायत स्तर पर ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू करने हेतु समुचित संसाधन की उपलब्धता एवं एकरूपता की व्यवहारिक उचित स्थिति प्राप्त होने तक ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी के लिए शासन द्वारा जारी उपस्थित प्रणाली तत्काल प्रभाव से स्थगित की जाए। साथ ही संघ प्रतिनिधियों से वार्ता कर न्याय पूर्ण और तर्कसंगत व्यवस्था के तहत ज्ञापन में वर्णित अन्य सभी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकाला जाए। जिससे ग्रामीण स्तर पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं पर्यवेक्षक तथा सचिवों की कार्य क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़ सके और कर्मचारियों की कार्य कुशलता, पारदर्शिता व निरंतरता बरकरार रह सके।
आज आंदोलन के तृतीय चरण के प्रथम दिवस आज बुधवार को सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों ने मोटर चालित निजी वाहनों का प्रयोग बंद कर दिया और ब्लाक कार्यालय में उपस्थित दर्ज कराने के बाद साइकिल से अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में रवाना हो गए। आंदोलन में रणकेंद्र सिंह, पंचम लाल, जंग बहादुर, सुभाष चंद्र गौतम, आशीष कुमार, बृजेश कुमार, आनंद जी सुमन, विमल कुमार, रवीना व कुलदीप सिंह सहित सभी ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी शामिल रहे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here