उन्नाव में ई-रिक्शा-बाइक भिड़ंत एक की मौत

0
59

उन्नाव।बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर के नीचे संडीला मार्ग पर एक मोड़ पर ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। यह हादसा मंगलवार शाम करीब सात बजे हुआ, जिसमें ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को सीएचसी बांगरमऊ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने ई-रिक्शा चालक को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

मृतक की पहचान फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के बद्रीखेड़ा गांव निवासी 47 वर्षीय राजेश पुत्र पुरन के रूप में हुई है। राजेश ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी उषा, दो बेटे राहुल (22) और नरेंद्र (20), तथा एक बेटी रेनू (23) हैं।
बाइक चालक बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीखेड़ा निवासी रामनाथ का 18 वर्षीय बेटा नीरज है। नीरज मंगलवार शाम आरएस चौराहे पर सब्जी लेने गया था और वहां से घर लौट रहा था, तभी जोगीकोट मोड़ पर यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है और मामले के अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here