उन्नाव।नये आपराधिक कानूनों के अधिक प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद उन्नाव में 03 दिवसीय NCL जागरूकता अभियान 2.0 संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उन्नाव श्री जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में आज दिनांक 30.10.2025 को थाना कोतवाली सदर पुलिस एवं महिला थाना की संयुक्त टीम द्वारा सनराइज कोचिंग इंस्टिट्यूट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नये आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विशेष रूप से ‘शून्य एफआईआर’ (Zero FIR), E-FIR, समयबद्ध न्याय, महिला एवं बाल संरक्षण संबंधी प्रावधान, नये अपराधों की परिभाषा, तथा फोरेंसिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उपयोग से जुड़े प्रावधानों पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला गया।
अधिकारियों ने बताया कि नये कानून न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं पीड़ित-केंद्रित बनाते हैं। इस अभियान में डा. आशीष श्रीवास्तव, प्रभारी परिवार परामर्श समिति का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को कानूनों के व्यावहारिक महत्व एवं उनके सामाजिक प्रभाव के संबंध में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में आमजन से नए कानूनों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।




