पुलिस अधीक्षक उन्नाव की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का किया गया आयोजन

0
85

उन्नाव।पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। उक्त गोष्ठी में अखिलेश सिंह अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, प्रेमचंद अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं पुलिस कार्यालय सहित समस्त शाखाओं के प्रभारी आदि अधिकारीगण सम्मिलित हुए।
अपराध गोष्ठी के दौरान थानों पर पंजीकृत अभियोगों की समीक्षा की गई एवं गंभीर अपराधों के लंबित अभियोगों का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्यवाही, शातिर अभ्यस्त अपराधियों को चिन्हित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट के अन्तर्गत जिलाबदर की कार्यवाही करने, माफियाओं पर गैंगस्टर, एनएसए के तहत कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिए गये।जनशिकायतों की त्वरित व निष्पक्ष जांच कर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने, अवैध शराब/अवैध शस्त्र/जुआ/मादक पदार्थ आदि अवैध कार्यों के विरूद्ध निरंतर अभियान चलाकर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। गंभीर अपराधों, पॉक्सो एक्ट, बलात्कार आदि के अभियोगों में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को अधिक से अधिक सजा दिलाने हेतु भी निर्देश दिये गये। चोरी, नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु कार्य योजना तैयार करके प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।

भीड़ व संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त एवं सतर्क निगरानी हेतु दिशा निर्देश दिए गए। जमीनी विवादों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित करके सतर्कता बनाये रखने व इसकी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करने, आईजीआरएस के आवेदकों से स्वयं वार्ता करके फीडबैक लेने, पीआरवी वाहनों की रैंडम चेकिंग कर उनकी सतर्कता का निरीक्षण करने आदि के संबंध में निर्देश दिए गए।

साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा आगामी छठ पूजा पर्व के दृष्टिगत घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, महिला पुलिस बल की उपलब्धता एवं भीड़ नियंत्रण हेतु प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करने तथा शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने व आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु भी आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here