बांगरमऊ, उन्नाव।शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में 05 से 31 अक्तूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व 11 से 31 तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान चिह्नित व्यक्तियों का सम्पूर्ण विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को तहसील के जन सभागार में उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
इस समीक्षा बैठक में उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला ने निर्देश दिया कि संबंधित विभागों के अधिकारी विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान/ दस्तक अभियान के लिए अपने विभागों से संपादित की जाने वाली गतिविधियों का बेहतर ढंग से संचालन करें। इस दौरान स्वच्छता, सफाई सहित वेक्टर जनित वातावरण को समाप्त करने की गतिविधियां की जाएं। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व आशा घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोग के प्रति जागरूक करेंगी।
साथ ही लक्षणयुक्त व्यक्तियों का चिह्नांकन कर उनका नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण ई-कवच पोर्टल पर डिजिटल अपलोड करेंगी। साथ ही क्षयरोग के रोगियों की भी जानकारी प्राप्त करेंगी। इसके साथ ही टीकाकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला स्तर से आयोजित कंट्रोल रूम से सभी संबंधित विभाग की जानकारी व मॉनिटरिंग की जाएगी। इस बैठक में खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी श्वेता त्रिपाठी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर मुकेश कुमार सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर 84 के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर संजीव कुमार, यूनीसेफ से संजू झा, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ राहुल सचान सहित स्थानीय निकाय और सभी संबंधित विभागों के अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहे।




