बांगरमऊ,उन्नाव।कोतवाली क्षेत्र के व्यस्ततम आरएस चौराहे पर बीती रात चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को ताक पर रखते हुए एक साथ नौ दुकानों का शटर तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मेडिकल स्टोर, बेकरी, इलेक्ट्रॉनिक और सैलून सहित अन्य दुकानों में रखे हजारों रुपये के सामान और नकदी पार कर ले गए। घटना की जानकारी होते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया और सुबह दुकानों का शटर टूटा देखकर सभी में भारी आक्रोश देखने को मिला।चोरी का शिकार हुए पिंटू मेडिकल स्टोर,दीपू परचून की दुकान, नीरज मोबाइल शॉप, शाहनूर कटिंग की दुकान, आरिफ जन सेवा केंद्र समेत नौ लोगों का नुकसान हुआ है।
सूचना पाकर बांगरमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इंस्पेक्टर कोतवाली चंद्रकांत ने खुद मौके पर पहुंचकर दुकानों की जांच पड़ताल की और पीड़ित दुकानदारों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने चोरों तक पहुंचने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद लेने की बात कही है। व्यापारियों का कहना है कि आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ औपचारिकता निभाकर रह जाती है। इस बार एक साथ नौ दुकानों को निशाना बनाए जाने से उनका आक्रोश और बढ़ गया है। व्यापारी संगठनों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाए।
घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि अगर बाजार के बीचोबीच स्थित दुकानों पर इतनी बड़ी चोरी हो सकती है, तो पुलिस की गश्त और निगरानी पर सवाल उठना लाजमी है। वहीं, आम लोगों का भी कहना है कि ऐसी घटनाओं से क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सीधा असर पड़ रहा है।




