बांगरमऊ,उन्नाव।नगर के कुछ अल्पसंख्यक वर्ग से संबंधित भू-माफिया क़िस्म के लोग प्रमुख मार्ग पर स्थित एक बेशकीमती जमीन पर आरसीसी पिलर गाड़कर जबरन कब्जा करने लगे। किंतु महिलाओं के विरोध के चलते भूमाफिया भाग खड़े हुए। महिलाओं का आरोप है कि जबरन कब्जे के मामले में हल्का पुलिस की दबंग भूमाफियाओं से मिलीभगत है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम केशवापुर निवासिनी शशिमुखी पत्नी सर्वेश कुमार द्वारा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि एक महिला द्वारा फर्जी अभिलेखों के जरिए उसकी पारिवारिक भूमि बांगरमऊ के अल्पसंख्यक समुदाय के दबंग भूमाफियाओं के नाम बैनामा कर दिया गया था। जिसका मुकदमा चकबंदी न्यायालय उन्नाव में विचाराधीन है। बीते शनिवार को करीब आधा दर्जन विशेष समुदाय के लोग ट्रैक्टर पर आरसीसी पिलर लादकर उसके खेत पर आ धमके और पिलर गाड़कर जबरन कब्जा करने लगे। सूचना पर पहुंची खेत मालिक के घर की महिलाओं ने दबंगों को मौके से खदेड़ दिया। महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने अवैध कब्जा करने की सूचना हल्का पुलिस को दी थी। किंतु पुलिस दबंग भूमाफियाओं के ही पक्ष में बोलने लगी। पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक से दबंगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग उठाई है। कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि विवाद राजस्व विभाग से संबंधित है। जिसका निर्णय चकबंदी अथवा राजस्व विभाग की अदालत से ही संभव है।




